आई 1 न्यूज़ :संदीप कश्यप
सोलन:26 जनवरी 2018
सोलन ज़िले में आज 69वां गणतंत्र दिवस समारोह पूरे हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। उद्योग, श्रम एवं रोजगार, तकनीकी शिक्षा तथा व्यावसायिक एवं औद्योगिक प्रशिक्षण मंत्री बिक्रम सिंह ने ऐतिहासिक ठोडो मैदान में आयोजित ज़िला स्तरीय समारोह की अध्यक्षता की। उन्होंने राष्ट्रीय ध्वज फहराया तथा पुलिस, गृहरक्षा, एन.सी.सी. एवं स्कूली छात्रों द्वारा आयोजित भव्य मार्चपास्ट की सलामी ली। पुलिस उप निरीक्षक सुनील दत्त ने परेड का नेतृत्व किया।
बिक्रम सिंह ने चम्बाघाट स्थित शहीदी स्मारक पर कृतज्ञ प्रदेशवासियों तथा जिलावासियों की ओर से शहीदों को भावभीनी श्रद्धांजलि भी अर्पित की।
बिक्रम सिंह ने इस अवसर पर कहा कि विगत 68 वर्षों में हिमाचल प्रदेश ने विभिन्न क्षेत्रों में आशातीत प्रगति की है। इसका श्रेय प्रदेश के मेहनती, ईमानदार तथा विकास पसंद लोगों को जाता है। उन्होंने कहा कि विकास की कोई सीमा नहीं होती और नवगठित भाजपा सरकार यह सुनिश्चित बनाएगी कि हिमाचल प्रदेश में सभी क्षेत्रों एवं वर्गों का संतुलित विकास हो तथा प्रदेश विकास के विभिन्न मानकों में पूरे देश के लिए आदर्श बनकर उभरे।
उद्योग मंत्री ने कहा कि औद्योगिक विकास एवं प्रगति का प्रत्यक्ष संबंध है। वर्तमान प्रदेश सरकार राज्य में औद्योगिक विकास एवं पर्यावरण संरक्षण को प्राथमिकता प्रदान करेगी। औद्योगिकीकरण के माध्यम से प्रदेशवासियों की आय में वृद्धि तथा रोजगार के पर्याप्त अवसर उपलब्ध करवाने पर विशेष ध्यान दिया जाएगा। प्रदेश में प्रदूषण मुक्त तथा रोजगार सृजक उद्योग स्थापित करने पर बल दिया जाएगा।
उन्होंने कहा कि राज्य सरकार सुगमता से व्यापार पर ध्यान केन्द्रित करेगी। प्रदेश के विभिन्न उद्योगों में कम से कम 80 प्रतिशत रोजगार हिमाचली युवाओं के लिए सुनिश्चित बनाया जाएगा। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री रोजगार सृजन कार्यक्रम का उचित कार्यान्वयन सुनिश्चित होगा। राज्य में नए औद्योगिक क्षेत्र स्थापित करने के लिए भूमि चिन्हित की जाएगी।
बिक्रम सिंह ने कहा कि प्रदेश सरकार ने केन्द्र सरकार से राज्य में स्थापित होने वाले उद्योगों को प्रथम पांच वर्ष के लिए शत-प्रतिशत आयकर छूट प्रदान करने का आग्रह किया है। तदोपरान्त आगामी पांच वर्षों के लिए भी 50 प्रतिशत छूट प्रदान करने का अनुरोध किया गया है।
उन्होंने कहा कि देश में सोलन जिले की औद्योगिक नगरी के रूप में विशिष्ट पहचान है। वर्तमान प्रदेश सरकार बद्दी-बरोटीवाला-नालागढ़ सहित परवाणू एवं सोलन के अन्य क्षेत्रों में औद्योगिक अधोसंरचना को सुदृढ़ करेगी। उद्यमियों को भ्रष्टाचारमुक्त प्रशासन एवं उत्तम गुणवत्ता की आवश्यक सेवाएं उपलब्ध करवाई जाएंगी।
बिक्रम सिंह ने कहा कि युवाओं को ऐसे व्यावसायिक पाठ्यक्रम उपलब्ध करवाए जाएंगे जो उनकी तकनीकी क्षमता में वृद्धि कर उन्हें बेहतर रोजगार एवं स्वरोजगार के अवसर प्रदान कर सकंे।
उन्होंने महत्वाकांक्षी उड़ान योजना में हिमाचल प्रदेश तथा सोलन जिले के पर्यटन स्थल कसौली को शामिल करने के लिए प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी का आाभार व्यक्त किया।
श्रम एवं रोजगार मंत्री ने कहा कि प्रदेश सरकार सभी क्षेत्रों में भ्रष्टाचार पर अंकुश लगाने के लिए वचनबद्ध है। भ्रष्टाचार को समाप्त करने के लिए शीघ्र ही अटल हैल्प लाईन स्थापित की जाएगी। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार युवा विकास व कल्याण सहित समग्र विकास पर विशेष ध्यान देगी।
उन्होंने प्रदेशवासियों विशेषकर सोलन जिले के वासियों को गणतंत्र दिवस की बधाई देते हुए आग्रह किया कि सभी मिलकर भ्रष्टाचारमुक्त एवं विकसित हिमाचल निर्मित करने के प्रदेश सरकार के सपने को साकार करने में सहयोग दें।
बिक्रम सिंह ने इस अवसर पर किक बाॅक्सिंग में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों को सम्मानित किया।
इस अवसर पर रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम भी प्रस्तुत किया गया।
शिमला लोकसभा क्षेत्र से सांसद प्रो. वीरेन्द्र कश्यप, राज्य खादी एवं ग्रामोद्योग बोर्ड के उपाध्यक्ष पुरूषोत्तम गुलेरिया, जिला भाजपा के कार्यकारी अध्यक्ष पवन गुप्ता, भाजपा के वरिष्ठ नेता एचएन कश्यप, अर्की से भाजपा के उम्मीदवार रहे एवं प्रदेश भाजपा सचिव रत्न सिंह पाल, सोलन से भाजपा के उम्मीदवार रहे डाॅ. राजेश कश्यप, नगर परिषद सोलन के अध्यक्ष देवेन्द्र ठाकुर, उपाध्यक्ष मीरा आनंद, पार्षदगण, भाजपा राज्य प्रवक्ता रितु सेठी, सोलन भाजपा मण्डल के अध्यक्ष रविन्द्र परिहार, जिला भाजपा कोषाध्यक्ष अमर सिंह ठाकुर, उपायुक्त हंसराज शर्मा, पुलिस अधीक्षक मोहित चावला, अतिरिक्त जिला दण्डाधिकारी विवेक चंदेल, अन्य वरिष्ठ अधिकारी तथा गणमान्य व्यक्ति इस अवसर पर उपस्थित थे।
जिले के सभी उपमण्डलों में भी गणतंत्र दिवस के अवसर पर कार्यक्रम आयोजित किए गए।