शिलाई विधानसभा क्षेत्र में वीरवार को युवा कांग्रेस के कार्यकर्ताओं ने केंद्र सरकार के खिलाफ प्रदर्शन किया। इस मौके पर कार्यकर्ताओं ने पीएम मोदी मुर्दाबाद के नारे लगाए। रैली के दौरान कार्यकर्ताओं ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का पुतला भी फूंका। इससे पहले युवा कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष मनीष ठाकुर का शिलाई पहुंचने पर कार्यकर्ताओं ने जोरदार स्वागत किया। युवा कांग्रेस के कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए युकां अध्यक्ष ने कहा कि केंद्र की मोदी सरकार पूरी तरह से झूठ
का एक पुलिंदा है।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 2014 से पहले बेरोजगारी कम करने, महंगाई कम करने, भ्रष्टाचार खत्म करने और कालाधन देश में वापस लाने जैसी कई बातें कही थीं लेकिन, आज स्थिति इसके बिलकुल उलट है। न तो महंगाई और बेरोजगारी कम होने का नाम ले रही है और न ही केंद्र की मोदी सरकार काले धन को देश में वापस ला पाई है। केंद्र सरकार में भ्रष्टाचार अपनी चरम सीमा पर है। भ्रष्टाचार के एक के बाद एक मामले उजागर होने लगे हैं। चार साल में केंद्र की एक भी योजना धरातल पर नहीं उतरी है।
गरीबों का पैसा लूट कर छोटे मोदी फरार हो गए हैं। उन्होंने कहा कि युवा कांग्रेस के कार्यकर्ता आने वाले समय में केंद्र की जनविरोधी नीतियों को लेकर गांव-गांव जाएंगे। उन्होंने भाजपा सांसदों से भी धरातल पर किए गए विकास का जवाब मांगा। उन्होंने कहा कि सांसद अपनी सांसद निधि का ब्योरा सार्वजनिक करें, जिससे धरातल पर सच्चाई का पता चल सके। इस मौके पर उन्होंने 2019 के लोकसभा चुनाव को लेकर भी युवाओं का मार्गदर्शन किया।
इस अवसर पूर्व जिला परिषद सदस्य जितेंद्र राणा, लोकसभा शिमला अध्यक्ष संजय ठाकुर, प्रदेश सचिव युवा कांग्रेस यशवंत जिल्टा, प्रदेश सचिव ओपी ठाकुर, लोकसभा उपाध्यक्ष प्रदीप सूर्या, दिनेश सिंगटा, अत्तर कपूर, राहुल चौहान, सुनील चौहान, कंवर ठाकुर, स्वर्ण नेगी, जगपाल चौहान, प्रवेश शर्मा, संजीव पुंडीर, पदम नेगी, अश्वनी कुमार, नगीन शर्मा, अजय चौहान, चैन सिंह सिंगटा, गोविंद राणा, रविंद्र राणा, पंकज सिंगटा, बलदेव राणा, नितिन वीरसांटा, गुलाब सिंह राणा, अत्तर शर्मा, मदन ठाकुर, प्रकाश चंद बलदेव ठाकुर, विपिन चौहान, टिकाराम शर्मा, मदन, जागर सिंह और विक्रम सिंह समेत सैकड़ों युवा कांग्रेस कार्यकर्ता और पदाधिकारी उपस्थित रहे।