हिमाचल की बेटी को नेवल विंग के आरडी कैंप में देश में सर्वश्रेष्ठ कैडेट चुना गया है। हिमाचल की बेटी अनामिका को नेवल विंग के आरडी कैंप में देश में सर्वश्रेष्ठ कैडेट चुना गया है। दिल्ली में राजपथ पर परेड के बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने उसे गोल्ड मेडल से सम्मानित किया है।
जूनियर विंग की इस प्रतियोगिता का आयोजन पहली बार किया गया। इसमें 17 राज्यों के कैडेट्स ने भाग लिया। जिला कांगड़ा के कालेश्वर गांव की रहने वाली अनामिका डीएवी स्कूल बरमाणा में दसवीं कक्षा में पढ़ती है।
उसके पिता एसीसी सीमेंट फैक्ट्री बरमाणा में कार्यरत हैं जबकि माता गृहणी हैं। यूनिट की कमान अधिकारी मोनिका शर्मा ने कहा कि अनामिका ने सूबे का नाम देश भर में रोशन किया है। 26 जनवरी की परेड में हिमाचल से कैडेट्स पूनम शर्मा, शिवम भारद्वाज, मनीष और बंदिता ने भी भाग लिया।