asd
Saturday, July 27, 2024
to day news in chandigarh
Homeहिमाचलविपिन सिंह परमार ने आज सोलन जिले के नागरिक अस्पताल कंडाघाट तथा...

विपिन सिंह परमार ने आज सोलन जिले के नागरिक अस्पताल कंडाघाट तथा क्षेत्रीय अस्पताल सोलन का औचक निरीक्षण किया।

आई 1न्यूज़ :संदीप कश्यप

स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण, चिकित्सा शिक्षा, आयुर्वेद तथा विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी मंत्री विपिन सिंह परमार ने कहा कि वर्तमान प्रदेश सरकार यह सुनिश्चित बनाएगी कि लोगों को गुणात्मक, सस्ती एवं सुलभ चिकित्सा सुविधाएं प्राप्त हों। विपिन सिंह परमार ने आज सोलन जिले के नागरिक अस्पताल कंडाघाट तथा क्षेत्रीय अस्पताल सोलन का औचक निरीक्षण किया।

विपिन सिंह परमार ने औचक निरीक्षण करने के उपरांत कहा कि मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर के नेतृत्व में नवगठित प्रदेश सरकार यह प्रयास कर रही है कि स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण विभाग को सुदृढ़ किया जाए तथा यह सुनिश्चित बनाया जाए कि आमजन को अस्पतालों में सभी आवश्यक सुविधाएं प्राप्त हों।

स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्री ने कहा कि वे स्वयं प्रदेश के विभिन्न चिकित्सा महाविद्यालयों तथा अस्पतालों में लोगों तथा रोगियों से मिलकर वास्तविकता जान रहे हैं। प्रदेश सरकार सोलन सहित सभी जिलों के अस्पतालों में शीघ्र चिकित्सकों एवं पैरा मेडिकल कर्मियों के पद भरेगी। प्रदेश सरकार 100 चिकित्सकों की नियुक्ति कर रही है।

विपिन सिंह परमार ने कहा कि सोलन में लेवल तीन का ट्राॅमा केन्द्र स्थापित करने पर विचार किया जाएगा। उन्होंने कहा कि यह भी सुनिश्चित बनाया जाएगा कि सोलन स्थित क्षेत्रीय अस्पताल के साथ-साथ अन्य अस्पतालों में आधारभूत सुविधाएं उपलब्ध हों। प्रदेश सरकार शीघ्र ही राज्य में लगभग 200 जनौषधी केन्द्र भी स्थापित करेगी। प्रदेश में स्थापित जनौषधी केन्द्रों को सुदृढ़ किया जाएगा।

उन्होंने कहा कि क्षेत्रीय अस्पताल सोलन में आवश्यकतानुसार रेडियोग्राफर की कमी को दूर किया जाएगा। सोलन स्थित महर्षि मार्केण्डेश्वर चिकित्सा महाविद्यालय एवं अस्पताल को शव परीक्षा (पोस्टमार्टम) के लिए प्राधिकृत कर दिया गया है।

विपिन सिंह परमार ने कहा कि चिकित्सकों को निर्देश दिए गए हैं कि गरीब एवं कमजोर वर्ग से संबंधित रोगियों को आवश्यक दवाएं अस्पताल से ही उपलब्ध करवाई जाएं। स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण विभाग यह सुनिश्चित बना रहा है कि सूचीबद्ध 330 दवाएं रोगियों को अस्पताल में उपलब्ध हों। आवश्यकतानुसार दवाओं के खरीद के निर्देश भी दिए गए हैं। उन्होंने कहा कि चिकित्सकों को निर्देश दिए गए हैं कि वे रोगियों के साथ संयम अपनाएं एवं उचित व्यवहार रखें। प्रदेश में कार्यरत चिकित्सक पूरी ईमानदारी एवं निष्ठा के साथ कार्य कर रहे हैं। चिकित्सकों के ऊपर कार्य का अधिक दवाब अनेक बार भ्रांतियों का कारण बनता है। उन्होंने कहा कि सरकार बदलने के साथ कार्य प्रणाली एवं कार्य पद्धति भी बदलती है। वर्तमान सरकार आमजन की हितैषी सरकार है और सभी अधिकारियों एवं कर्मचारियों को अपनी कार्यप्रणाली आमजन हितैषी बनानी होगी।

उन्होंने आज कंडाघाट स्थित नागरिक अस्पताल एवं कंडाघाट में निर्मित किए जाने वाले नए अस्पताल स्थल का निरीक्षण किया। उन्होंने कम्पोजिट टेस्टिंग प्रयोगशाला कंडाघाट का निरीक्षण भी किया। उन्होंने नागरिक अस्पताल कंडाघाट की कार्यप्रणाली पर संतुष्टि जताई। उन्होंने क्षेत्रीय अस्पताल सोलन में विभिन्न वार्डों, प्रयोगशालाओं तथा एक्स-रे प्रयोगशाला का निरीक्षण किया। उन्होंने रोगियों से विभिन्न विषयों के बारे में जानकारी भी प्राप्त की।

विपिन सिंह परमार ने कार्यकारी मुख्य चिकित्सा अधिकारी सोलन तथा चिकित्सा अधीक्षकों को निर्देश दिए कि अस्पताल में साफ-सफाई का पूरा ध्यान रखा जाए।

सोलन विधानसभा क्षेत्र से भाजपा के उम्मीदवार रहे डाॅ. राजेश कश्यप, भाजपा मंडल सोलन के अध्यक्ष रविन्द्र परिहार, जिला भाजपा सचिव विवेक डोभाल, भाजपा मण्डल सोलन के महामंत्री शैलेन्द्र गुप्ता, जिला भाजपा कोषाध्यक्ष अमर सिंह ठाकुर, नागरिक अस्पताल सोलन एवं कंडाघाट के चिकित्सक एवं पैरा मेडिकल कर्मी तथा अन्य गणमान्य व्यक्ति उपस्थित थे।

RELATED ARTICLES
- Advertisment -

Most Popular

Recent Comments