सिरसा:सतलुज यमुना लिंक (एस.वाई.एल.) मुद्दे पर केंद्र सरकार की उदासीनता के विरोध में 10 जुलाई को इंडियन नैशनल लोकदल (इनैलो) हरियाणा में 4 प्रमुख स्थलों पर पंजाब से हरियाणा और दिल्ली में प्रवेश करने वाले वाहनों को रोककर सांकेतिक तौर पर अपना विरोध दर्ज करवाएगी।
इसको लेकर 7 जुलाई को दिल्ली में प्रदेश कार्यकारिणी की बैठक बुलाई गई है जिसमें पार्टी के नेताओं की जिम्मेदारियां निर्धारित की जाएंगी। यह जानकारी अभय चौटाला ने सिरसा स्थित आवास पर पत्रकारवार्ता में दी।
इससे पूर्व उन्होंने जिला भर के कार्यकत्र्ताओं की एक बैठक भी ली और उन्हें एस.वाई.एल. के मामले पर संघर्ष के लिए तैयार रहने का भी आह्वान किया।
इनैलो नेता ने कहा कि प्रदेश के किसानों के लिए आज सबसे बड़ा मुद्दा एस.वाई.एल. के पानी का है और इसे हरियाणा में लाने के लिए आज सबसे ज्यादा संघर्ष करने का काम इनैलो ही कर रही है।