आई 1 न्यूज़ ब्यूरो रिपोट शिमला, 12 अगस्त
उपमण्डलाधिकारी शिमला शहरी श्री हेमिस नेगी ने नागरिकों और सभी अधिकारियों से भांग एवं अफीम उन्मूलन अभियान को सफल बनाने का आह्वान किया है। वह आज यहां भांग एवं अफीम उन्मूलन अभियान के तहत आयोजित समीक्षा बैठक की अध्यक्षता करते हुए बोल रहे थे।श्री हेमिस नेगी ने कहा कि यह अभियान 22 अगस्त से 5 सितम्बर, 2016 तक चलाया जा रहा है, जिसके तहत 16 से 22 अगस्त तक सघन रूपरेखा व एक्शन प्लान तैयार किया जाएगा। इस अभियान के दौरान छात्रों को विशेष शपथ भी दिलाई जाएगी। उन्होंने बताया कि 22 से 5 सितम्बर तक चिन्हित क्षेत्रों में भांग व अफीम के पौधे उखाड़े जाएंगे तथा उन्हें नष्ट किया जाएगा। उन्होंने सभी अधिकारियों को विभिन्न स्थानों पर भांग व अफीम उगे क्षेत्रों का पता लगाकर सूचिबद्ध करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि वन विभाग, पुलिस विभाग, लोक निर्माण विभाग, सिंचाई एवं जन स्वास्थ्य विभाग, शिक्षा विभाग, बाल विकास विभाग, नगर निगम व अन्य विभागों को भी इस अभियान में शामिल किया गया है। उन्होंने अधिकारियों को अभियान के दौरान प्रतिदिन किए गए कार्यों की सूचना जिला स्तर पर उपलब्ध करवाने के आदेश भी दिए। उन्होंने कहा कि वन क्षेत्रों से वन विभाग पौधे उखाड़ने व नष्ट करने का कार्य करेगा। राष्ट्रीय राजमार्ग व अन्य स्थानों पर से उन्मूलन व नष्ट करने का कार्य लोक निर्माण विभाग द्वारा किया जाएगा। विभिन्न विभागों की भूमि पर उन्मूलन व नष्ट करने का कार्य संबंधित विभाग द्वारा किया जाएगा।
उन्होंने बताया कि सरकारी भूमि के अतिरिक्त निजि भूमि से भांग व अफीम उन्मूलन के लिए भूमि मालिक द्वारा किया जाएगा। उन्होंने कहा कि समस्त विभाग अपने अधिकारियों व कर्मचारियों को इस संदर्भ में उपयुक्त दिशा-निर्देश जारी कर अभियान की सफलता के लिए समन्वय स्थापित करें।बैठक में उप पुलिस अधीक्षक श्री बलवीर जसवाल व अन्य संबंद्ध विभागों के वरिष्ठ अधिकारी गण उपस्थित थे।