चंडीगढ़। पंजाब कांग्रेस के पूर्व प्रवक्ता और पूर्व विधायक सुखपाल सिंह खैहरा ने शुक्रवार को क्रिसमस-डे पर कांग्रेस का हाथ छोड़कर आम आदमी पार्टी का झाड़ू थाम लिया। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी ने पंजाब कांग्रेस की कमान सौंपने में नौजवानों को नजर अंदाज किया है, जबकि वह देश के निर्मार्ण में नौजवान लोगों को तरजीह देने की बात करते अाए हैं। पंजाब प्रभारी संजय सिंह, संगठनात्मक मामलों के राष्ट्रीय प्रभारी दुर्गेश पाठक, सांसद भगवंत मान व प्रो साधु सिंह, पंजाब संयोजक सुच्चा सिंह छोटेपुर, प्रवक्ता हिम्मत सिंह शेरगिल व हरजोत सिंह बैंस की मौजूदगी में खैहरा एक प्रैस कांफ्रैंस में आम आदमी पार्टी में शामिल होने का एलान किया। AAP ज्वाइन करने की पहले से थी चर्चा… खैहरा के आप ज्वाइन करने की चर्चाएं तभी शुरू हो गई थीं, जब पंजाब कांग्रेस के तत्कालीन अध्यक्ष प्रताप सिंह बाजवा को बदलने के कयास शुरू हुए थे। बाजवा को बदलने का फैसला लंबे समय लटके रहने और खैहरा के आप में जाने की बात सार्वजनिक होने के चलते वह कुछ समय के लिए रुक गए थे। कौन है सुखपाल सिंह खैहरा 13 जनवरी 1965 को जन्में सुखपाल सिंह खेहरा वयोवृद्ध अकाली नेता व कांग्रेस के पूर्व शिक्षा मंत्री सुखजिंदर सिंह खैहरा के पुत्र हैं। उनकी स्कूली शिक्षा एशिया के सबसे पुराने कॉनवेंट स्कूल बिशप कॉटन शिमला से हुई। जबकि उच्चतम शिक्षा उन्होंने पंजाब यूनिवर्सिटी से ग्रहण की। राजनीतिक सफर सुखपाल खैहरा ने अपना राजनीतिक जीवन 1994 में शुरू किया और वह इस दौरान कपुरथला के रामगढ़ गांव से पंचायत मेंबर चुने गए। 1997 में वह पंजाब यूथ कांग्रेस के उपाध्यक्ष बनाए गए। 1999 में उन्हें पंजाब कांग्रेस का सचिव नियुक्त किया गया। 2005 में उन्हें जिला कांग्रेस कमेटी का अध्यक्ष बनाया गया। 2006 में वह सेंट्रल कोऑपरेटिव बैंक के डायरेक्टर भी रहे। 2007 से 2012 तक वह कपूरथला के भोलठ विधान सभा क्षेत्र से विधायक रहे।